भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह खराड़ी राजघराने के वारिस डॉ. शूलपाणि सिंह ने राज्यपाल को किया आमंत्रित
पटना : गुरुवार को भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह खराड़ी राजघराने के वारिस डॉ. शूलपाणि सिंह ने बिहार के महामहिम राज्यपाल माननीय आरिफ मोहम्मद खान से राजभवन, पटना में शिष्टाचार भेंट की। इस भेंट के दौरान उन्होंने दरभंगा जिले के खराड़ी गांव (प्रखंड – बहेरी) जिला दरभंगा में स्थित रानी चंद्रावती उच्च विद्यालय, रानी चंद्रावती मध्य विद्यालय एवं रामेश्वरी कन्या विद्यालय के ऐतिहासिक योगदान और इसके 75 वर्ष पूर्ण होने की जानकारी दी।
डॉ. शूलपाणि सिंह ने महामहिम राज्यपाल महोदय को इस गौरवशाली अवसर पर आयोजित समारोह एवं रानी चंद्रावती जी की प्रतिमा के अनावरण के लिए सादर आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि यह विद्यालय पूरे इलाके का पहला शिक्षण संस्थान था, जिसकी स्थापना स्व. रानी चंद्रावती जी ने क्षेत्र के विकास और बालक-बालिकाओं की शिक्षा के लिए आज से 75 वर्ष पूर्व की थी। इस विद्यालय ने दशकों से हजारों छात्रों को शिक्षित कर समाज में उत्कृष्ट योगदान दिया है।
माननीय राज्यपाल महोदय ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और विद्यालय के ऐतिहासिक योगदान को सराहते हुए इस महत्वपूर्ण अवसर पर शामिल होने की स्वीकृति प्रदान की। यह पूरे इलाके और बिहार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है कि शिक्षा और सामाजिक उत्थान के प्रति समर्पित इस विद्यालय का 75वां स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र, समाजसेवी, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को प्रेरित करना है ताकि वे अपने पूर्वजों की दूरदर्शी सोच से सीख लेते हुए ज्ञान और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सके।






